जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर की पिपली पंचायत में कुराटी-ढगौण सड़क पर करीब दस माह पहले क्षतिग्रस्त पुलिया को दुरुस्त न करने पर लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में पांच गांवों के ग्रामीणों का गुस्सा फूटा है। बरसात में रिहायशी मकानों को खतरे की आशंका को देखते हुए सोमवार को लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में पहुंचे ग्रामीणों ने अधिकारियों की लापरवाही पर रोष जताया।
कुराटी ढगौण, सलेरा, फोगला, सरमाणा और पिपली के ग्रामीणों प्यारे लाल, हरी सिंह, मान सिंह, खेम चंद ने बताया कि पिछले साल सितंबर में नाले में बाढ़ आने से पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके चलते यहां पर यातायात भी अवरुद्ध हो गया था। लोक निर्माण विभाग ने एक अन्य वैकल्पिक सड़क की खोदाई कर यातायात बहाल करवा दिया, लेकिन क्षतिग्रस्त पुलिया का कार्य शुरू नहीं किया। इससे बरसात में हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीण दिलीप सिंह, महेंद्र राणा, कृष्ण चंद, नेक राम, अर्जुन सिंह, लेख राम ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ढीली कार्रवाई से पांच गांवाें के सैकड़ों लोगों में डर का माहौल है।
...
संबंधित विभाग को ग्रामीणों ने आवश्यक कार्रवाई अमल में लाने का प्रस्ताव सौंपा है। स्वयं भी विभाग के उच्चाधिकारियों से इस समस्या के समाधान पर वार्तालाप किया जाएगा।
-इंद्र सिंह, पंचायत प्रधान, ग्राम पंचायत पिपली
...
क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे।
-राजीव कुमार, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग वृत कार्यालय जोगिंद्रनगर