एसपी और थाना प्रभारी का दावा, पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल की कंधार पंचायत के प्राचीन मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में रोष है। कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए शुक्रवार को कंधार पंचायत की प्रधान सीता देवी और उपप्रधान घनश्याम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस थाने पहुंचकर प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में मंदिर कमेटी, महिला मंडल की प्रधान निर्मला देवी, पूर्व बीडीसी सदस्य भुवनेश और गुम्मा के पूर्व प्रधान हेमराज सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सक्रिय चोर गिरोह को जल्द पकड़ने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि 8 जून को हिडिंबा माता मंदिर से आभूषण और चढ़ावा चोरी होने से दहशत का माहौल है। जोगिंद्रनगर के थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि सरी गांव के हिडिंबा मंदिर में पहले हुई चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया था। जून में हुई चोरी के मामले में भी घटनास्थल से अहम सुराग मिले हैं और पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने कहा कि जोगिंद्रनगर में मंदिर चोरी की वारदातों को सुलझाने के लिए पुलिस टीमें गंभीरता से काम कर रही हैं और कई मामलों में सफलता भी मिली है।