सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट क्षेत्र में कई गांवों में लंबे समय से पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। गांव की महिलाओं को पानी के आधे-आधे दिन तक नलकों के पास बैठकर पानी आने का इंतजार करना पड़ा रहा है। हालत यह हैं कि कई गांवों में 15 से 20 दिनों से समय पर पानी की आपूर्ति नहीं आ रहा है। इस कारण ग्रामीणों को परेशान होना पड़ रहा है।
नवाही पंचायत प्रधान सुनीता शर्मा ने बताया कि उनके पंचायत क्षेत्र में पिछले 15 दिन से पानी नहीं मिल रहा है। संबंधित विभाग को बताने के बाद भी समस्या का कोई हल नहीं हो रहा है। इससे लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र के लुणाधा, फतेहपुर और कनेर गांवों में भी 10 दिनों से लोग पानी के लिए परेशान हैं।
बताया जा रहा है कि अपर बरोट, बड़ोई और दरकौली में पिछले दो महीनों से पानी की आपूर्ति प्रभावित चल रहा है। ग्रामीणों में राकेश कुमार, रत्न कौशल, रंगीला राम, जगदीश कुमार, रमेश कुमार, ज्ञान चंद, रुप लाल, भाग सिंह, कश्मीरां देवी, चुनी लाल, परमा राम और राजो देवी ने बताया कि आठवें दिन बाद भी बहुत ही कम मात्रा में पानी मिल रहा है।
उधर, जल शक्ति विभाग के जेई देशराज ने बताया कि विभाग की ओर से समस्या का जल्द हल करवा दिया जाएगा। वहीं, विभाग के एसडीओ अनिल कुमार ने कहा कि कर्मचारियों के साथ मिलकर समस्या का हल किया जाएगा।