नीट पास करने वाली आरती के साथ जोगिंद्रनगर स्कूल के प्रधानाचार्य, पिता राजू राम और अन्य। -संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में पूर्व सैनिक की बेटी ने राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) पास कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राजकीय आदर्श कन्या पाठशाला जोगिंद्रनगर में जमा दो की परीक्षा पास करने के बाद आरती ने डॉक्टर बनकर जरूरतमंद मरीजों की सेवा करने का संकल्प लिया है। आरती ने नीट में 720 में से 623 अंक हासिल किए हैं।
स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. सुनील ठाकुर ने बताया कि कुठेहड़ा पंचायत के पंजालतर गांव के पूर्व सैनिक राजू राम की बेटी ने अपनी मेहनत के बूते यह मुकाम हासिल किया है। आरती ने अपनी उपलब्धी का अध्यापकों और अपने अभिभावकों को दिया है। बेटी की इस उपलब्धि पर पिता राजू राम ने बताया कि सेना में जिस प्रकार उन्होंने देश सेवा को लेकर अपनी जिम्मेवारियों का निर्वहन किया था, उसी प्रकार उनकी बेटी भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देश व समाज हित में देगी। आरती की इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय शिक्षा पुरस्कार से अलंकृत शिक्षक नेक राम शास्त्री ने भी वीरवार को स्कूल पहुंचकर बधाई दी। इस दौरान स्कूल के स्टाफ ने आरती को हार पहनाकर सम्मानित भी किया।