प्रशिक्षण शिविर के समापन पर विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता। -संवाद
नेरचौक (मंडी)। बल्ह घाटी के कुम्मी सिद्ध बाबा बालक नाथ पब्लिक स्कूल में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर रविवार को संपन्न हुआ। शिविर में विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मुकेश विनायक खांडेकर मुख्यातिथि रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म, हिंदू संस्कृति और हिंदू समाज के हितों की रक्षा करना ही विश्व हिंदू परिषद का मूल कार्य है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रभु श्री राम ने समाज में समरसता, संगठन, सेवा और सुरक्षा का कार्य किया और जो हमें सीख दी है, उसे हम सही मायने में नहीं अपना रहे हैं। समाज में प्रभावशाली तरीके से कार्य हो, इसके लिए समय-समय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। आज हमारे कार्य के आधार पर ही संपूर्ण दुनिया में हिंदू संस्कृति का परचम लहरा रहा है। अनेक ऐसे देश हैं, जो हमारे वेदों का अनुसरण कर रहे हैं।
प्रांत बजरंग दल के संयोजक तुषार डोगरा ने बताया कि 30 जून से 7 जुलाई तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में संघ से जुड़े प्रदेश भर के युवाओं ने प्रशिक्षण लिया। सातों दिन युवाओं को अलग-अलग विषयों पर जानकारी दी गई तथा हिंदू समाज हिंदू संस्कृति तथा हिंदू उत्थान के बारे में प्रेषित किया गया। इस अवसर पर स्वामी परमहंस लोमस दास महाराज, पद्म गिरी महाराज, प्रांत सह संयोजक बजरंग दल उदय ठाकुर, चंदन ठाकुर, मंडी विभागाध्यक्ष घनश्याम शर्मा, मंडी विभाग संगठन मंत्री विनोद शर्मा, शक्ति सिंह, मुख्य शिक्षक अतुल गुप्ता, नरेंद्र, सिद्धार्थ, कमल, सुमित, सुंदरनगर जिला मंत्री महेंद्र राणा, हमीरपुर जिला मंत्री संजय गोस्वामी सहित अन्य गणमान्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।