इंटर कॉलेज महिला कबड्डी चैंपियन बनी वीजीसी मंडी की टीम को ट्राफी देकर सम्मानित करते मुख्य अतिथि
11 कॉलेजों की टीमों ने दिखाया दमखम, जोगिंद्रनगर उपविजेता और कुल्लू की टीम तीसरे स्थान पर रही
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। इंटर कॉलेज महिला कबड्डी प्रतियोगिता में वीजीसी मंडी की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। सरदार पटेल विश्वविद्यालय के तत्वावधान में गायत्री कॉलेज ऑफ एजुकेशन कांगू के सौजन्य से सुंदरनगर में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 11 कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में राजकीय कॉलेज जोगिंद्रनगर ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय कॉलेज कुल्लू ने राजकीय कॉलेज बासा को हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राजेंद्र कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान गायत्री कॉलेज के निदेशक पंकज सोनी ने मुख्य अतिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि सोहन लाल ठाकुर ने विजेता टीम सहित सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों में निरंतर आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान कबड्डी ऑफिशियल्स देव चंद ठाकुर, रूपलाल ठाकुर, लीलाधर और सूरज सहित अन्य अधिकारियों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।