पंडोह के समीप डयोड में एनएच की हालत खराब है। यहां हल्की सी चढ़ाई होने से माल वाहन वाहनों को दिक
पंडोह (मंडी)। बारिश और भूस्खलन के कारण करीब पांच दिनों तक किरतपुर-मनाली फोरलेन में मंडी से कुल्लू के बीच एनएच प्रभावित रहा। अब मंडी से कुल्लू के बीच यातायात सुचारु रूप से बहाल हो गया है। प्रशासन ने सुरक्षा और जाम की दृष्टि से यातायात को समयबद्ध ढंग से नियंत्रित किया है ताकि वाहनों की आवाजाही सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।
शनिवार सुबह 8:00 बजे से यातायात को सुचारु कर दिया गया। प्रतिदिन पहले 2 घंटे तक मंडी से कुल्लू की ओर और उसके बाद अगले 2 घंटे तक कुल्लू से मंडी की ओर वाहनों को छोड़ा जा रहा है। इस व्यवस्था के चलते बड़े वाहनों और छोटे वाहनों की आवाजाही बिना किसी बाधा के जारी है। जब एनएच से मंडी से कुल्लू की तरफ वाहन जा रहे हैं तो छोटे वाहनों का समय स्लाॅट वैकल्पिक मार्ग कटौला होकर कुल्लू से मंडी से तरफ रखा गया है।
ज्यादा संवेदनशील स्थानों पर अभी भी एहतियात बरती जा रही है। खासकर झलोगी, डयोड और जोगनी माता मंदिर के पास सड़क एकतरफा ही है, जहां से फिलहाल केवल एक दिशा से ही यातायात की अनुमति है। यह कदम लोगों की सुरक्षा और मार्ग की स्थिरता को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
शुक्रवार शाम 8 बजे सुरक्षा कारणों से मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया था, लेकिन शनिवार को पूरे दिन वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से चलती रही। मार्ग पर तैनात पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार यातायात पर नजर बनाए हुए है।
उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि रविवार को भी दोनों मार्गों पर समय स्लाॅट के अनुसार ही यातायात चलाया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी में किसी भी तरह की हलचल होने पर सुरक्षित स्थान पर रुक जाएं और जोखिम न उठाएं। कहा कि मौसम साफ होने पर रात्रि के दौरान भी एनएच पर यातायात जारी रहेगा। खराब मौसम और भूस्खलन का खतरा अधिक होने की स्थिति पर रात के समय यातायात रोका जाएगा।
000