सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल के सरकाघाट बाजार में सब्जियों की दुकानों में रेट लिस्ट न लगाने, ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने पर कार्रवाई की गई है। विभागीय अधिकारियों ने सैकड़ों किलोग्राम सब्जी भी जब्त की है।
सरकाघाट बाजार मेें बार-बार सब्जियों की रेट लिस्ट न लगाने की शिकायत पर मंगलवार को खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी मंडी पूर्ण चंद ठाकुर की अगुवाई में निरीक्षण दल ने सरकाघाट बाजार का औचक निरीक्षण किया। जिससे बाजार में हड़कंप मच गया है। इस दौरान सरकाघाट बाजार में 26 दुकानदारों से 525 किलो फल और सब्जी जब्त की गई है। जिसकी कीमत 21835 रुपये बनती है। 16 दुकानदारों से 17 घरेलू सिलेंडर भी जब्त किए गए हैं।
टीम में निरीक्षक खाद्य एवं उपभोक्ता मामले मंडी सदर दीपक शर्मा, निरीक्षक खाद्य एवं उपभोक्ता मामले सुंदरनगर सतीश ठाकुर तथा निरीक्षक खाद्य एवं उपभोक्ता मामले सरकाघाट अनीश ठाकुर भी मौजूद रहे। जिला नियंत्रक मिलाप शांडिल ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग दुकानों में घरेलू सिलेंडरों का प्रयोग करने वालों पर समय-समय पर कार्रवाई करेगा।