आधुनिक भवन से विद्यार्थियों को मिलेंगे उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर
एसपीयू मंडी के नारला स्थित द्रंग परिसर और साहल स्कूल भवन का शिक्षा मंत्री ने किया उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। द्रंग विधानसभा क्षेत्र में 10.72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एसपीयू मंडी के नारला स्थित द्रंग परिसर और 1.74 करोड़ रुपये की लागत से बने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साहल के भवन का उद्घाटन बुधवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया। उद्घाटन के बाद शिक्षा मंत्री ने नए भवन का निरीक्षण किया और परिसर में उपलब्ध सुविधाओं के साथ-साथ भविष्य की शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने द्रंग परिसर के विकास तथा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे शैक्षणिक संस्थानों के विकास से दूरदराज के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र के निकट ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि द्रंग परिसर आने वाले समय में क्षेत्र में शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा।
कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में इस भवन की स्थापना से आसपास के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से इस नए परिसर में विभिन्न पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी अभी अपने प्रारंभिक चरण में है, फिर भी विश्वविद्यालय शैक्षणिक, खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए यूथ डायरेक्टरेट की स्थापना भी की गई है।