मंडी। मंडी महाशिवरात्रि मेले की खेल प्रतियोगिताओं में पहली बार शामिल की गई साइकिलिंग स्पर्धा में वंश कालिया 18 से 35 आयु वर्ग में प्रथम स्थान पर रहे। इसी वर्ग में गौरव जागटा दूसरे, जबकि अजय कुमार तीसरे स्थान पर रहे। जिला एवं सत्र न्यायाधीश मंडी राजेश तोमर ने हरी झंडी दिखाकर साइकिलिंग स्पर्धा को शुभारंभ किया। इसके बाद विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने इस स्पर्धा में खुद भी भाग लिया।
स्पर्धा के 35 से ऊपर के आयु वर्ग में सुनील बरंगपा प्रथम, जसप्रीत पॉल दूसरे और सुशील उपासक तीसरे स्थान पर रहे। 14 से 17 आयु वर्ग में आराध्य प्रथम, जगतार दूसरे और पुनीत तीसरे स्थान पर रहे। लड़कियों में गरिमा प्रथम, स्वरांजल सिंह दूसरे और अवनी शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। स्पर्धा में 50 से अधिक खिलाड़ियों ने पूर जोश के साथ भाग लिया। स्पर्धा का आयोजन पुलिस और जिला साइकिलिंग एसोसिएशन द्वारा किया गया। साइकिलिंग स्पर्धा मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच से शुरू होकर न्यू विक्टोरिया ब्रिज, पुरानी मंडी, मनीश रिजॉर्ट रोड़, श्री हनुमान मंदिर, ढांगरीधार, छिपनु, शनिदेव मंदिर होते हुए वापस सेरी मंच पर समाप्त हुई।
स्पर्धा के 14 से 17 आयु वर्ग में पहला स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को इनाम के रूप में 3100 रुपये, दूसरे स्थान के लिए 2100 रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वालों को 1100 रुपये प्रदान किए गए। 18 से 35 और 35 से अधिक आयु वर्ग की दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान के लिए 5100-5100, दूसरे स्थान के लिए 3100-3100 और तीसरे स्थान पर रहने वालों को 1800-1800 रुपये पुरस्कार राशि दी गई। इस दौरान आईपीएस प्रोबेशनर गौरव जीत सिंह, एसडीपीओ सुंदरनगर भरत भूषण, डीएसपी मुख्यालय देवराज, एसोसिएशन के अध्यक्ष सृजन सैनी, सदस्य प्रणव, मांडवी शर्मा व अन्य मौजूद रहे।