सात केंद्रों में होगी संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा
13 अप्रैल को मंडी में 1649 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिला मुख्यालय मंडी में 13 अप्रैल को संघ लोक सेवा आयोग की सीडीएस (1), एनडीए और एनए (1) की परीक्षा सात परीक्षा केंद्रों होने जा रही है। सीडीएस (1) की परीक्षा के लिए दो केंद्र वल्लभ कॉलेज मंडी उप केंद्र-001 और वल्लभ कॉलेज मंडी उप केंद्र-002 बनाए गए हैं। जबकि एनडीए और एनए(1) की परीक्षा के लिए रावमापा (कन्या) मंडी उपकेंद्र-003, आईटीआई मंडी उप केंद्र-004, रावमापा (बाल) मंडी उप केंद्र-005, रावमापा (बाल) भंगरोटू उप केंद्र-006 और पीएम श्री रावमापा कनैड़ उप केंद्र-007 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त मंडी रोहित राठौर ने बताया कि सीडीएस(1) की परीक्षा तीन सत्रों में होगी। पहली परीक्षा सुबह 9ः00 बजे से 11ः00 बजे तक, दूसरी परीक्षा 12ः30 बजे से 2ः30 बजे तक और तीसरी परीक्षा 4ः00 बजे से 6ः00 बजे तक होगी। इसके अतिरिक्त एनडीए और एन (1) की परीक्षा दो सत्रों में होगी। पहली परीक्षा सुबह 10ः00 बजे से 12ः30 बजे तक और दूसरी परीक्षा 2ः00 बजे से 4ः30 बजे तक होगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में कुल 1649 परीक्षार्थी भाग लेने जा रहे है। परीक्षा में भाग लेने के लिए सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित समय पर परीक्षा स्थल पर पहुंचना होगा। सभी परीक्षार्थियों को अपने साथ अपना ई-एडमिट कार्ड साथ लाना होगा। बिना एडमिट कार्ड के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा शुरू होने के ठीक 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के गेट को बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर आने की अनुमति नहीं होगी।