नगर निगम के थनेहड़ा वार्ड में तूफान से उखड़े पेड़ व खंभे से हो रहे अवरोध को हटाने के लिए पहुंचे
मंडी। नगर निगम के थनेहड़ा वार्ड में एक सप्ताह पूर्व अंधड़ से उखड़े बिजली के खंभे और पेड़ों को न हटाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम कार्यालय में लोगों की शिकायतों के बाद मंगलवार को महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा, पार्षद दीपाली जसवाल ने मौके का निरीक्षण किया।
महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा ने बताया कि कुछ पेड़ टारना की सीढि़यों के निकट हवा महल के पास गिरे हैं। इनकी वजह से रास्ता अवरुद्ध हो गया है। बिजली का खंभा और तार भी रास्ते पर ही है। नगर निगम की टीम ने रास्ते से अवरोध दूर किया। पेड़ों, बिजली के तार और खंभों को न हटाने से लोग शिकायत कर रहे थे। टीम ने संबंधित विभागों को रास्तों से इस तरह के अवरोध को हटाने के लिए कहा है। इधर वन मंडलाधिकारी वासु डोगर का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में पेड़ काटने का अधिकार उनके पास नहीं है। इस तरह गिरे पेड़ काटने की जिम्मेदारी नगर निगम की रहती है। संवाद