बालीचौकी (मंडी)। ग्राम पंचायत सुधराणी में मनरेगा कामगारों को रोजगार न देने पर कामगार संगठन ने विकास खंड अधिकारी बालीचौकी से बेरोजगारी भत्ता दिए जाने की मांग की। मनरेगा कामगारों ने हिमाचल प्रदेश निर्माण एवं सर्व कामगार संगठन के अध्यक्ष संत राम की अगुवाई में विकास खंड अधिकारी बालीचौकी को ज्ञापन सौंपा।
कामगार मुर्तु देवी, जमना देवी, किशन चंद, रमणा देवी, कमला देवी, रूपा देवी ने बताया कि उन्होंने 12 दिसंबर को ग्राम सभा में मनरेगा में कार्य करने के लिए आवेदन किया था। 15 दिन बाद भी उन्हें रोजगार नहीं दिया गया है। मनरेगा में रोजगार न देने पर उन्हें कई प्रकार की आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता हैै। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश निर्माण एवं सर्व कामगार संगठन के अध्यक्ष संत राम ने कहा कि मनरेगा कामगारों के साथ एक पत्र विकास खंड अधिकारी को देकर बेरोजगारी भत्ते की मांग की है। अगर विकास खंड अधिकारी बेरोजगारी भत्ते को नहीं देते हैं तो वह मनरेगा मजदूरों के पक्ष में न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के लिए मजबूर होंगे। संवाद