मंडी में अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव पर लगी कबड्डी प्रतियोगिता में दमखम दिखाते खिलाड़ी
- फोटो : Mandi
मंडी। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि मेले के उपलक्ष्य में आयोजित पुरुष वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में ऊना और सोलन की टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। शनिवार को पड्डल मैदान में पहला मैच शिमला और कुल्लू की टीमों के बीच खेला गया।
शिमला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 45-28 के अंतर से जीत दर्ज की। चंबा और किन्नौर के बीच मैच काफी रोमांचक रहा। चंबा ने पांच अंकों के अंतर से जीत हासिल की है। चंबा का स्कोर 57 अंक तथा किन्नौर का स्कोर 52 अंक रहा।
मंडी रेड और कांगड़ा के बीच भी मैच काफी रोमांचक रहा। मंडी रेड ने 38-34 के अंतर से मैच में जीत हासिल की है। विद्युत बोर्ड की टीम ने बिलासपुर की टीम को 32-20 के अंतर से पराजित किया। बिलासपुर राज्य हॉस्टल और ऊना के बीच मैच एकतरफा रहा।
ऊना के खिलाड़ियों ने बिलासपुर हॉस्टल की टीम को 52-35 के अंतर से पराजित किया। मंडी ब्लू और साई हॉस्टल बिलासपुर के बीच मैच एकतरफा ही रहा। साई हॉस्टल बिलासपुर की टीम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 35-7 अंकों के अंतर से जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया है। प्रतियोगिता का शुभारंभ एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने किया। संवाद