सुंदरनगर (मंडी)। पुलिस थाना कॉलोनी के तहत एक गांव में नाबालिग छात्रा का पीछा करने के आरोप पर पुलिस ने दाे युवक दबोचे हैं। पुलिस ने अभिभावक की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शिकायतकर्ता पिता ने पुलिस को बताया कि बीते शुक्रवार उसकी बेटी घर से स्कूल गई थी। दोपहरबाद करीब 3.30 बजे वार्ड सदस्य का फोन आया, जिसमें बताया गया कि दो युवक उनकी बेटी का पीछा कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे तो बेटी काफी डरी हुई थी। स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ रखा था। पूछताछ करने पर उनकी बेटी ने बताया कि एक युवक उसे इंस्टाग्राम पर वॉइस मैसेज भेजता था और फोन पर भी बात करता था। छात्रा अपनी मां का मोबाइल फोन इस्तेमाल करती थी। पकड़े गए युवक स्वारघाट जिला बिलासपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों युवकों को जांच में शामिल किया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि मामले में जांच जारी है। संवाद