डयोड के समीप मंडी से कुल्लू के बीच सुचारू चलता यातायात।यहां यातायात को सुचारू रखने के लिए मुस्त
पंडोह (मंडी)। किरतपुर-मनाली फोरलेन पर मंडी से कुल्लू के बीच शुक्रवार को लंबे समय के बाद दोतरफा यातायात चलाया गया। इससे पहले यहां समय स्लॉट के अनुसार मंडी से कुल्लू के बीच एकतरफा यातायात चलाया जा रहा था। मंडी से कुल्लू वाया कटौला समय स्लाॅट के अनुसार ही यातायात चल रहा है।
मंडी से कुल्लू के बीच एनएच पर शुक्रवार को स्थिति सामान्य रही। पूरे दिन यातायात सुचारु रूप से चलता रहा। जगह-जगह यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। शुक्रवार को कुछ स्थानों पर सड़क टूटी होने की वजह से वाहनों को पांच मिनट के लिए ही रोका गया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी और सक्रियता के चलते हर जगह यातायात को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया।
पिछले दिनों सुरक्षा कारणों से प्रशासन और पुलिस की ओर से रोजाना लगभग दो घंटे तक एकतरफा यातायात खोला जाता था। इस वजह से लंबा जाम लग जाता था और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा था। मौजूदा स्थितियों को देखते और वाहनों की कम संख्या होने पर शुक्रवार को दोतरफा यातायात चलाया गया। वाहनों की संख्या अगर बढ़ती तो समय स्लाॅट के अनुसार ही वाहन छोड़े जाएंगे। मौजूदा समय में पंडोह से लेकर नगवाईं तक कई जगहों पर एनएच पर मलबा आने से एकतरफा ही वाहन गुजरने के लिए सड़क बची हुई है।
उधर, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि फिलहाल कम संख्या में ही वाहन गुजर रहे हैं तो दोतरफा यातायात चलाया जा रहा है। वाहनों की संख्या पर यातायात संचालन निर्भर करेगा। उन्होंने चालकों से अपील की है कि सतर्क रहें और लेन न तोड़ें। किसी भी तरह की हलचल फोरलेन में नजर आने पर सुरक्षित जगह रुक जाएं, किसी प्रकार का जोखिम न उठाएं।
000