सुंदरनगर (मंडी)। अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुकेत वन मंडल की टीम ने पुंग और अलसू चौक में रात्रि गश्त के दौरान लकड़ी से लदे दो वाहनों को जब्त किया है। शुक्रवार रात वन विभाग की दो विशेष टीमों ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान लकड़ी के लट्ठों से भरे दो कैंटर और माजदा वाहन पकड़े गए। विभाग ने दोनों वाहनों को लकड़ी सहित अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग के मुताबिक यह कार्रवाई वन परिक्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में की गई। दोनों वाहनों में विभिन्न प्रजातियों की लकड़ी लदी हुई थी। विभाग की टीम अब जब्त लकड़ी की प्रजातियों, वजन और उसके स्रोत का पता लगा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि लकड़ी के परिवहन से संबंधित जरूरी दस्तावेज और अनुमति वाहन चालकों के पास थे या नहीं। डीएफओ सुकेत पुलकित गुलाटी ने बताया कि वन संपदा के अवैध कटान और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की ओर से निगरानी बढ़ाई जा रही है। विशेष रूप से रात के समय गश्त और नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की सूचना विभाग को देने की अपील की है।