अखिल भारतीय ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने किया शानदार खेल का प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। ऐतिहासिक पड्डल मैदान में आयोजित 52वीं अखिल भारतीय ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन वीरवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो मैच खेले गए और दोनों ही मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए। चारों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अंतिम समय तक जीत के लिए संघर्ष किया, लेकिन कोई भी टीम निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सकी।
दिन का पहला मुकाबला मॉर्निंग स्टार एफसी हरियाणा और रयात बाहरा एफसी होशियारपुर के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और एक-दूसरे के गोल पोस्ट पर हमले किए। मुकाबले में दोनों टीमों ने एक-एक गोल किया। निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने के कारण मैच 1-1 से ड्रॉ रहा।
वहीं, दिन का दूसरा मुकाबला सुदेवा एफसी दिल्ली और देहरादून एफसी के बीच खेला गया। इस मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक रणनीति के साथ खेलते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मुकाबले में दोनों टीमों ने तीन-तीन गोल दागे। अंत तक रोमांच बना रहा और मैच 3-3 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
समीति के संयुक्त सचिव सुनील कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में कुल आठ गोल हुए। पड्डल मैदान में फुटबॉल प्रेमियों को रोमांचक खेल देखने को मिला। अखिल भारतीय स्तर की इस प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों की भागीदारी से मंडी में फुटबॉल का माहौल बना हुआ है।