नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में एक बेड पर उपचाराधीन दो दो मरीज। स्रोत
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ितों की संख्या बढ़ने से एक बेड पर दो-दो मरीजों को भर्ती करना पड़ रहा है। इससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ लग रही है। फरवरी में ठंड बढ़ने से अस्पताल की ओपीडी दोगुना हो गई है।
मंगलवार सुबह 9:30 बजे से ही मरीजों की भीड़ उमड़ना शुरू हुई, दोपहर एक बजे तक अस्पताल की सभी ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहर एक बजे तक 200 से अधिक मरीजों का पंजीकरण दर्ज किया गया। देर शाम और रात तक मरीजों की संख्या का आंकड़ा 300 पार कर गया। आपातकालीन सेवाओं में मरीजों की बढ़ोतरी होने पर आरक्षित बेड कम पड़ गए।
पहाड़ों पर बर्फबारी और शीतलहर से सांस की बीमारी से ग्रस्त लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। विशेषज्ञ सावधानी बरतने की हिदायत दे रहे हैं। मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. तेजेंद्र ने बताया कि सांस और दमा रोगियों को अस्पताल के सीसीयू में दाखिल कर उपचार दिया जा रहा है।
....
ठंड अधिक बढ़ने से ओपीडी बढ़ी है। आपातकालीन वार्ड में आरक्षित बेड सुविधा फुल हो जाने पर एक बेड पर दो मरीजों को उपचार दिलाना पड़ा। गंभीर मरीजों के लिए महिला, पुरुष, बाल और गायनी वार्ड में मरीजों के दाखिले के लिए बेड सुविधा आरक्षित है।
-डॉ. विकास नाथ, एसएमओ नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर