सुंदरनगर (मंडी)। शहर के ललित चौक पर मंगलवार को तीन वाहनों में टक्कर होने से दो लोग घायल हो गए। घायलों में बीएसएनएल में कनिष्ठ अभियंता के पद पर कार्यरत दिव्या प्रकाश और बोलेरो गाड़ी में सवार बिलासपुर के झंडूता निवासी अमन कुमार शामिल हैं। हादसे के बाद घायलों को सिविल अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
दिव्या प्रकाश अपनी गाड़ी में कार्यालय की ओर जा रहे थे। ललित चौक से कुछ आगे निकलते ही नैनो गाड़ी के चालक ने बीच सड़क पर गाड़ी को अस्पताल की ओर मोड़ दिया। तभी सिनेमा चौक की ओर से आ रही बोलेरो गाड़ी के चालक ने नियंत्रण खो दिया और नैनो गाड़ी को टक्कर के बाद दिव्या की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बोलेरो गाड़ी बीच सड़क में ही पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोग जुट गए। मार्ग के दोनों ओर लंबा जाम भी लग गया। यातायात पुलिस ने व्यवस्था को संभालते हुए जाम खुलवाया। डीएसपी भारतभूषण ने बताया कि तीनों पक्षों में समझौता होने के कारण मामला दर्ज नहीं किया गया है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। संवाद