जोनल अस्पताल मंडी के पास उलझते निजी लैब के कर्मचारी।
मंडी। जोनल अस्पताल मंडी में कुछ निजी लैब संचालकों की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन कुछ निजी लैब के कर्मचारियों को अस्पताल आकर मरीजों को बहला फुसला कर निजी लैब में टेस्ट करवाकर चांदी कूट रहे हैं। मंगलवार सुबह व्यक्ति का निजी लैब में टेस्ट करवाने को लेकर दो निजी लैब कर्मी आपस में भिड़ गए। मामला बढ़ने पर सुरक्षा कर्मियों ने दोनों को बाहर का रास्ता दिखाया।
एक व्यक्ति के टेस्ट करवाने को लेकर दोनों लैब कर्मी अड़ गए और एक-दूसरे से उलझ पड़े। दोनों ही अपनी-अपनी लैब में उक्त व्यक्ति को ले जाना चाहते थे। सुबह करीब 11:30 बजे हुई इस घटना के दौरान अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए लोगों का हुजूम लग गया। ऐसे में अस्पताल की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों ने दोनों निजी लैब के कर्मचारियों को पकड़ कर अस्पताल गेट के बाहर कियास। दोनों गेट के बाहर भी उलझते रहे।
जोनल अस्पताल मंडी में आए दिन निजी लैब संचालकों की ओर से अस्पताल आने वाले मरीजों को बहला फुसला कर निजी लैब में टेस्ट के लिए ले जाते हैं। अस्पताल प्रशासन की नाक तले चल रहे इस कार्य को रोकने के लिए कोई पुख्ता कदम नहीं उठाए गए हैं। निजी लैब के ये लोग अक्सर एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी, सीटी स्कैन आदि के लिए अस्पताल परिसर में घूमते रहते हैं।
मजबूरी और जल्दी के चक्कर में कुछ लोग इनके चंगुल में फंस जाते हैं। लैब संचालक उनसे मोटी रकम ऐंठ लेते हैं। अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल परिसर में जगह-जगह दीवारों पर नोटिस लगाकर इन लोगों से बचने की मरीजों और तीमारदारों से अपील की है।
.....
मामला अस्पताल प्रबंधन के ध्यान में नहीं है, इस बारे कर्मचारियों से जानकारी ली जाएगी। मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल में जगह जगह सूचनाएं लगाई हैं। अस्पताल में सभी तरह के टेस्ट और दवाइयां दी जाती हैं। इस लिए कोई भी निजी लैब संचालकों के झांसे में न आएं। यदि अस्पताल प्रबंधन के पास इस बारे कोई शिकायत आती है तो उस पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
-डाॅ. धर्म सिंह वर्मा, एमएस जोनल अस्पताल मंडी
000