जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर की महिला पैराग्लाइडर पायलट अलीशा कटोच पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता में आसमान की ऊंचाई माप कर देश का नाम ऊंचा कर रही हैं। अपनी प्रतिभा के बलबूते अलीशा देश-विदेश के नामी पायलट में अपनी पहचान बना चुकी है। हाल ही में कजाकिस्तान में हुई पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी वर्ल्ड प्रतियोगिता में अलीशा ने देश का प्रतिनिधित्व किया था।
वह हिस्सा लेने वाली पहली महिला पैराग्लाइडर पायलट हैं। महाराष्ट्र के टाप क्लास पैराग्लाइडर विजय सोनी से गुर सीख रहीं अलीशा विकास खंड चौंतड़ा के एहजू पंचायत के तरामट गांव की रहने वाली हैं। अलीशा ने विश्व विख्यात बीड बिलिंग पैराग्लाइडिंग साइट में साहसिक गतिविधियों के गुर 2019 में सीखने शुरू किए थे। वर्तमान में अलीशा धर्मशाला में चल रही पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में अपने हुनर का परचम लहरा रही हैं।
अलीशा कटोच ने बताया कि महज 16 साल की उम्र में उसने पहली उड़ान बीड बिलिंग की टेकआफ साइट से भरी थी। आसमान मापने में उन्हें एक अलग आनंद महसूस हो रहा है। एहजू पंचायत की प्रधान अंजना ने बताया कि उनकी पंचायत की बेटी साहसिक गतिविधियों में देश भर में जो नाम कमा रही हैं, इससे क्षेत्र और प्रदेश का नाम भी देशभर में रोशन हो रहा है। संवाद