जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल के बटधार गांव में आग की घटना में दो गोशालाएं जल गईं। ग्रामीणों के सहयोग से गोशाला में बंधे मवेशियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। नौहली पंचायत से सटे बटधार गांव में आग की यह घटना शनिवार को पेश आई है।
प्रभावित परिवार के मुखिया नागदेव ने बताया कि उनकी दो गोशालाओं में अचानक आग लग गई। इससे अंदर रखा घास, इमारती लकड़ी सब जल गई। करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय प्रशासन से प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है। ग्राम पंचायत नौहली के पूर्व प्रधान रमेश चंद, पुन्नू ने बताया कि ग्रामीणों ने आसपास के घरों को जलने से बचाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। तहसीलदार डाॅ. मुकुल अनिल शर्मा ने बताया कि राजस्व विभाग की रिपोर्ट हासिल करने के बाद ही प्रभावित परिवार को आवश्यक राहत प्रदान की जाएगी। संवाद