करसोग (मंडी)। उपमंडल के तहत लोअर बाजार करसोग में आपराधिक घटनाओं पर आधारित सीरियलों से प्रभावित होकर एक स्कूली बच्चे ने पुलिस की खूब परेड करवाई। छात्र ने चार दिनों तक अपने घर के साथ लगते मकान में किराये के कमरे में रह रहे एक परिवार को धमकी भरे खत लिख कर एक लाख रुपये की मांग की। चार दिनों तक यह ड्रामा चलता था। परिवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस के मुताबिक उपमंडल करसोग के लोअर बाजार में चार दिनों से पैसों की मांग और धमकी भरे पत्र मिलने से एक मकान मालिक और किरायेदार परेशान थे। इसको बाद पुलिस थाना करसोग में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह लोअर बाजार में अपने बच्चों के साथ किराये के कमरे में रहता है। कोई अंजान व्यक्ति चार दिनों से उन्हें धमकी भरे खत लिख रहा है। शिकायतकर्ता ने इन पत्रों की कापियां भी पुलिस को सौंपी। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गश्त और पूछताछ तेज कर दी, लेकिन छानबीन करने के बाद भी पुलिस खाली हाथ ही रही। धमकी भरे खतों का सिलसिला जारी रहा।
अंजान व्यक्ति हर रोज पत्र छोड़ता गया। पैसों की मांग करने वाले अंजान व्यक्ति की मांग पांच हजार से एक लाख तक पहुंच गई। पुलिस ने पैसों की मांग के खत के जवाब में पैसों की रकम देने का खत लिखा। अंजान व्यक्ति ने खत तो उठा लिया लेकिन पुलिस के हाथ में कुछ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने पैसों की मांग करने वाले व्यक्ति की दोबारा रेकी की। इस बार पुलिस को सफलता मिली। योजना के मुताबिक अंजान चेहरा सामने आ गया। फिरौती की मांग करने वाला स्कूल में पढ़ने वाला छात्र था। पुलिस ने जब बच्चे से पूछताछ की तो उसने आपराधिक सीरियलों से प्रभावित होने की बात कही। इसके बाद शिकायतकर्ता ने शिकायत को वापस ले लिया। शिकायत वापस लेने पर थाना प्रभारी सुनील ने बच्चे के भविष्य को देखते हुए मामला दर्ज नहीं किया।