रोहित राठौर को मिला तकनीकी शिक्षा निदेशक और कौशल विकास निगम का स्थायी जिम्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर किए गए फेरबदल में मंडी जिले के दो अधिकारियों के तबादले मात्र दो घंटों के भीतर बदल दिए। सरकार ने शुक्रवार शाम को जारी अधिसूचना के बाद प्रशासनिक घटनाक्रम ने हर किसी को हैरान कर दिया।
पहले जारी किए गए एक आदेश में मंडी के एडीसी आईएएस गुरसिमर सिंह को तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक और हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के प्रबंध निदेशक का जिम्मा सौंपने की अधिसूचना जारी की गई थी, लेकिन इस आदेश के करीब दो घंटे बाद ही सरकार ने अपने फैसले को बदलते हुए नई अधिसूचना जारी कर दी। इससे चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
संशोधित और नए आधिकारिक आदेशों के अनुसार नगर निगम मंडी के आयुक्त रोहित राठौर को अब तकनीकी शिक्षा निदेशक और एचपी कौशल विकास निगम के प्रबंध निदेशक पद पर स्थायी रूप से तैनात कर दिया गया है। वे पहले से ही इन दोनों पदों का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे, लेकिन अब उन्हें यहां पूर्णकालिक जिम्मेदारी दी गई है।
रोहित राठौर के इस तबादले के बाद नगर निगम मंडी के आयुक्त का पद खाली हो गया है। रोहित राठौर का नगर निगम मंडी के आयुक्त के रूप में एक वर्ष से अधिक का कार्यकाल सराहनीय रहा है। इस दौरान उन्होंने मंडी शहर के विकास कार्यों को गति देने में अहम भूमिका निभाई।