नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई तेज, लाइसेंस निरस्त कराने की भी शुरू हुई प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। नाका तोड़कर भागे वाहन चालक की पहचान कर पुलिस ने उसका 3500 रुपये का चालान किया है। शुक्रवार देर रात मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर घट्टा, चौंतड़ा, बस्सी और लडभड़ोल क्षेत्रों में लगाए गए नाकों के दौरान करीब 30 वाहनों के चालान किए गए। जांच के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए दो चालकों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि शराब या अन्य नशीले पदार्थों के प्रभाव में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि दो चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की गई है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि जोगिंद्रनगर में लगाए गए हाईटेक कैमरों की मदद से भी प्रतिदिन ई-चालान किए जा रहे हैं। सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा।