पंडोह और गोहर में दिया जा रहा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। नाचन वनमंडल की चारों रेंज में भर्ती वन मित्रों के लिए प्रशिक्षण शुरू हो गया है। नवंबर 2024 में घोषित रिजल्ट के बाद मेरिट के आधार पर हुई नियुक्तियों में 36 लड़कियां शामिल हैं। 22 वन बीट में पुरुष अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। थाची रेंज में 14, सराज में 15, पंडोह में 10 और नाचन रेंज में सर्वाधिक 19 वन मित्र नियुक्त किए गए हैं। पंडोह और थाची रेंज के वन मित्रों को थर्ड बटालियन पंडोह जबकि सराज और नाचन रेंज के वन मित्रों को गोहर में एक सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
डीएफओ नाचन सुरेंद्र कश्यप ने बताया कि वन मित्रों को वनों के संरक्षण एवं संवर्धन के अलावा नर्सरी स्थापित करने और लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वन विभाग के रिसोर्स पर्सन वन मित्रों को शारीरिक प्रशिक्षण दे रहे हैं। एक सप्ताह के प्रशिक्षण के बाद वन मित्रों को संबंधित बीटों में भेजा जाएगा। संवाद