जोगिंद्रनगर (मंडी)। राज्य स्तरीय जोगिंद्रनगर मेले में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के लिए व्यवस्था हाइटेक होगी। सीसीटीवी के अलावा ड्रोन से भी पुलिस नजर रखेगी। पुलिस थाना जोगिंद्रनगर और मेला स्थल में कंट्रोल रूम स्थापित होंगे। पहली से चार अप्रैल तक रामलीला मैदान में होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होगा।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने कहा कि दमकल विभाग के भी दो फायर टेंडर मेला स्थल और सांस्कृतिक संध्या के समीप तैनात रहेंगे। यातायात पुलिस के जवान वायरलेस और बॉडी कैमरों से लैस होंगे। शोभायात्रा के दौरान समूचे शहर में यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित होगा। आपातकालीन वाहनों की आवाजाही को नियमित रखने के लिए यथासंभव प्रयास किए जाएंगे। मंदिर मार्ग और मिनी सचिवालय से होकर मेला स्थल की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही बाधित रहेगी।
यहां पर होगी वाहनों की व्यवस्था
डीएसपी पधर देवराज ने बताया कि मंगलवार दोपहर तीन बजे देवी-देवताओं की अगुवाई में निकलने वाली पहली शोभायात्रा के दौरान बैजनाथ से जोगिंद्रनगर की ओर आने वाले छोटे-बड़े वाहनों को ढेलू के समीप रोका जाएगा। मंडी से जोगिंद्रनगर शहर की ओर आने वाले वाहनों की आवाजाही गुरुद्वारा परिसर तक होगी।
सरकाघाट से जोगिंद्रनगर की तरफ आने वाले वाहनों को मुख्य अनाज भंडारण के समीप कुछ समय के लिए रोका जाएगा। रेलवे क्रॉसिंग और बस अड्डे के समीप रेलवे की भूमि पर भी छोटे वाहनों की पार्किंग होगी। अस्पताल मार्ग के समीप नगर परिषद की पार्किंग में भी दोपहिया और चार पहिया वाहनों को पार्क करने का आह्वान पुलिस ने किया है।
000