ताजा बर्फबारी के बाद शैटाधार का मनमोहक नजारा। -स्रोतः जागरूक पाठक
मंडी/थुनाग। सराज के शिकारी देवी, तुंगासीगढ़ और शैटाधार सहित ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी हुई। बुधवार सुबह 9:30 बजे तक बर्फबारी रूक-रूक कर होती रही। इससे जिलेभर में 22 सड़कें ठप हो गईं। मशीनरी लगाने के बाद सात सड़कें बहाल कर दी गईं, जबकि 15 अभी भी अवरुद्ध हैं। बर्फबारी और बारिश से 314 ट्रांसफार्मर ठप हो गए थे, जिन्हें विद्युत बोर्ड के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से बहाल कर दिया है।
शिकारी देवी में 35 सेंटीमीटर, शैटाधार में 25 सेंटीमीटर, तुंगासीगढ़ में 25 सेंटीमीटर और मगरुगला में 20 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। मैदानी क्षेत्रों में बारिश होती रही, जिससे तापमान में भी गिरावट आई है। बर्फबारी से सराज और थलौट डिवीजन की कुल 22 सड़कें अवरुद्ध हो गईं। सराज लोक निर्माण विभाग को सात लाख रुपये की चपत लगी है, जिसे बहाल करने के लिए विभाग ने चार जेसीबी मशीनें तैनात की हैं।
बिजली और पानी की आपूर्ति फिलहाल सुचारू रूप से कार्य कर रही है। वहीं, शीतलहर के कारण तापमान में गिरावट से दिनभर ग्रामीण घरों में दुबके रहे। लोक निर्माण विभाग मंडल जंजैहली के अधिशाषी अभियंता रोशन लाल ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में हुई ताजा बर्फबारी के कारण छतरी-गाड़ागुशैण, जंजैहली-छतरी, मगरुगला, जंजैहली-शिकारी माता, भन्थल-सनारली-शंकर देहरा, बुंग भलवाड़-रेशन-खौली, लंबाथाच-चिऊणी-चेत-शैटाधार सहित एक दर्जन संपर्क मार्ग अवरूद्ध हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि सड़क मार्गों को बहाल करने के लिए विभाग ने चार जेसीबी और बॉबकेट तैनात किए हैं। सभी सड़कें वीरवार तक बहाल कर दी जाएंगी। एसडीएम थुनाग रमेश कुमार ने कहा कि उपमंडल में जनजीवन सामान्य है और अवरूद्ध सड़कों को खोलने के लिए मशीनरी जुटी हुई है। नागरिकों को ठंड के मौसम में एहतियात बरतने की सलाह दी जाती है।
ताजा बर्फबारी के बाद शैटाधार का मनमोहक नजारा। -स्रोतः जागरूक पाठक