पुराना कांगडा के साथ मुख्य सड़क पर गिरी पहाड़ी
कांगड़ा। पुराना कांगड़ा के पास शनिवार को पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण एक घंटे तक वाहनों का आवागमन ठप रहा। घटना के समय कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मलबा गिरने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को सूचित कर जेसीबी मशीन मंगवाई। जेसीबी मशीन की मदद से सड़क के किनारे गिरे मलबे को हटवाया गया। इसके बाद यातायात सुचारू हुआ।
घटना सुबह करीब सात बजे हुई, जब पहाड़ी से अचानक मलबा गिरना शुरू हुआ। इसके बाद बसों और कारों में बैठे लोग जाम में फंसे रहे। इस बीच स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी पैदल ही सड़क को पार कर निकल गए। उधर, डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की मदद से सड़क से मलबा हटाकर यातायात शुरू कर दिया गया था।