लकड़ी का नया फ्लोर, प्रीमियम मैट और एलईडी लाइटें लगेंगी
छत की मरम्मत का काम भी जारी
विकास की बात
देवेंद्र ठाकुर
मंडी। शहर के टाउन हॉल स्थित बैडमिंटन कोर्ट अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दोनों कोर्टों के आधुनिकीकरण पर 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 15 लाख रुपये सदर विधायक की विधायक निधि और 10 लाख रुपये जिला खेल परिषद की ओर से उपलब्ध कराए गए हैं।
उच्च गुणवत्ता का लकड़ी का फ्लोर तैयार किया जाएगा, जिस पर प्रीमियम श्रेणी की बैडमिंटन मैट बिछाई जाएगी। खिलाड़ियों को बेहतर रोशनी उपलब्ध कराने के लिए पूरे परिसर में आधुनिक एलईडी लाइटें भी लगाई जाएंगी।
बरसात के दौरान टाउन हॉल की क्षतिग्रस्त छत से पानी टपकने के कारण कोर्ट में जलभराव हो जाता था, जिससे खेल गतिविधियां प्रभावित होती थीं। इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने 14 लाख रुपये की लागत से छत की मरम्मत शुरू कर दी है। शेष कार्य के लिए 18 लाख रुपये का अतिरिक्त प्राक्कलन भी तैयार किया गया है।
इससे पहले भी टाउन हॉल में खेल सुविधाओं के विस्तार और बैडमिंटन कोर्ट के विकास पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
बॉक्स
बेहतर खेल अधोसंरचना उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, ताकि मंडी के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप अभ्यास कर सकें। जिले से अधिक प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचें। इसके लिए विधायक निधि से धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। -अनिल शर्मा, सदर विधायक मंडी।