धर्मपुर बनवार सड़क पर टुटी पाइप फोटो जागरूक पाठक
20 फीट तक उछले फव्वारे, आवाजाही प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर-बनवार सड़क पर शुक्रवार सुबह जलशक्ति विभाग की मुख्य पेयजल पाइपलाइन फटने से सड़क पर पानी फैल गया। पाइपलाइन टूटते ही करीब 20 फीट ऊंचे पानी के फव्वारे उठने लगे और देखते ही देखते सड़क पानी से भर गई। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को तेज दबाव से निकल रहे पानी के बीच से गुजरना पड़ा, जिससे हादसे का खतरा भी बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पाइपलाइन में पानी का दबाव अधिक होने के कारण पानी काफी ऊंचाई तक उछलता रहा। सड़क पर लगातार पानी फैलने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत हुई, जबकि चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते पाइपलाइन बंद नहीं की गई तो किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय लोगों राकेश कुमार, सुनील कुमार, अनिल कुमार और ओम प्रकाश का कहना है कि पाइपलाइन टूटने से हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह गया। क्षेत्र में पहले ही कई बार पेयजल संकट की स्थिति बनती रही है, ऐसे में इस तरह पानी की बर्बादी लोगों की चिंता बढ़ा रही है। कहा कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। उधर, जल शक्ति विभाग मंडल सरकाघाट के अधिशासी अभियंता एलआर शर्मा ने बताया कि मरम्मत कार्य किया जा रहा है।