मंडी। शहर में होने वाले बाबा सिद्ध चानो को समर्पित धार्मिक धाज्जा उत्सव के लिए अखिल भारतीय दलित पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग परिषद के महासचिव चमन राही के नेतृत्व में निमंत्रण पत्र बांटे गए। 29 जून को सेरी मंच पर बाबा सिद्ध चानो का धाज्जा (धार्मिक कार्यक्रम) आयोजित किया जा रहा है। चमन राही ने कहा कि कार्यक्रम का निर्णय सिद्ध धाम समैला दरबार बाबा सिद्ध चानो बली सच्ची सरकार समैला हमीरपुर में गद्दीनशीन महंत चमन महाराज की अध्यक्षता में लिया गया। कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और जम्मू कश्मीर से आम लोगों सहित बाबा सिद्ध चानो के भक्तजन भाग लेंगे।
बाबा सिद्ध चानो बली का प्रसिद्ध लोकनाट्य धाज्जा में स्वांग, धाज्जा के गीत, धाज्जे की परंपरा और संस्कार आदि का बखान किया जाएगा। चमन राही ने कहा कि मंडी में पहली बार सार्वजनिक रूप से इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर सेवानिवृत्त उपनिदेशक शिक्षा सीताराम बंसल, बडसू पंचायत के प्रधान गोविंद बर्धन, राष्ट्रीय खिलाड़ी काहू उर्फ भूपेंद्र, वाल्मीकि समाज सुधार संस्थापक चंद्रवीर कागरा और अशोक नागवंशी मौजूद रहे। संवाद