क्षेत्रीय अस्पताल में मरीजों को जांच के लिए करना पड़ रहा इंतजार
क्रस्ना लैब में टेस्ट करवाने पर दो दिन बाद मिलती है रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी की सामान्य प्रयोगशाला में थायराइड जांच मशीन खराब होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को अस्पताल में स्थापित क्रस्ना लैब में जांच करवानी पड़ रही है। यहां सैंपल लेने के बाद रिपोर्ट के लिए दो दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है, क्योंकि सैंपल मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेजे जाने के बाद ही रिपोर्ट उपलब्ध हो रही है। अस्पताल की विभिन्न ओपीडी में चिकित्सकों की ओर से लिखे जाने वाले सभी प्रकार के टेस्ट निशुल्क किए जाते हैं, लेकिन अधिक भीड़ के चलते कई मरीज अस्पताल के बाहर निजी लैब और अस्पतालों में 300 से 500 रुपये खर्च कर जांच करवाने को मजबूर हैं।
पुरानी मंडी निवासी सरला, केवल कुमार, सुहड़ा निवासी कमल कुमार, सरोआ पंडोह की राधिका, कोटमोर्स की दया देवी और रमेश चंद ने बताया कि चिकित्सकों ने उन्हें थायराइड टेस्ट करवाने की सलाह दी थी। सरकारी प्रयोगशाला में मशीन खराब होने के कारण उन्हें क्रस्ना लैब भेजा गया, लेकिन वहां भीड़ अधिक होने के चलते अब उन्हें बाहर निजी लैब में जांच करवाने का विकल्प चुनना पड़ रहा है।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश ठाकुर ने बताया कि क्रस्ना लैब में थायराइड सहित अन्य सभी जांच मरीजों के लिए निशुल्क उपलब्ध हैं। कुछ लोग जल्द रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए बाहर निजी लैब में जांच करवा रहे हैं। अस्पताल में सभी जांच सुविधाएं निशुल्क दी जा रही हैं। थायराइड मशीन खराब होने की जानकारी लेकर उसे जल्द ठीक करवाने के प्रयास किए जाएंगे।