सुंदरनगर (मंडी)। पुलिस थाना सुंदरनगर के कर्मचारियों ने बोबर रोड कैंचीमोड में वीरवार शाम करीब 6 बजे एक कार में सवार तीन युवकों को 12.1 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
सुंदरनगर पुलिस के एएसआई दौलत राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देहवीं में नाका लगाया था। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से एक कार आई। पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया लेकिन कार चालक ने नाका तोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने गाड़ी का पीछा किया और उसे बोबर कैंची मोड़ पर काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने गाड़ी की पिछली सीट के नीचे से 12.1 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सैनिक सैजुअल ठाकुर (25) निवासी गांव पलौहटा तहसील सुंदरनगर, अक्षत शर्मा (24), निवासी गांव सकराह, तहसील सुंदरनगर और गौरव (28), निवासी गांव बाडी तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। डीएसपी सुंदरनगर भारतभूषण ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। संवाद