मंडी। जिला मंडी के तीन जेबीटी शिक्षकों ने सिंगापुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेकर शिक्षण के गुर सीखे हैं। अब यह शिक्षक प्रदेश में शिक्षा के स्तर में गुणवत्ता लाने के लिए काम करेंगे। हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग द्वारा प्रशिक्षण के लिए विदेश भेजे गए अध्यापक अब स्वदेश लौट आए हैं।
प्रदेशभर से समग्र शिक्षा अभियान द्वारा स्टार प्रोजेक्ट के तहत हिमाचल प्रदेश से 102 अध्यापकों का दूसरा ग्रुप प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर की प्रिंसिपल अकादमी में अतिरिक्त निदेशक बाबू राम शर्मा की अध्यक्षता में सिंगापुर गया था। इसमें जिला मंडी तीन जेबीटी अध्यापक विनोद कुमार कौंडल राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला बलद्वारा शिक्षा खंड गोपालपुर द्वितीय, अशोक कुमार जेबीटी शिक्षा खंड द्रंग-2 और रंजीत सिंह जेबीटी राजकीय प्राथमिक पाठशाला जोधन शिक्षा खंड धर्मपुर-1 ने भी भाग लिया।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ गोपालपुर-2 के अध्यक्ष विनोद कौंडल ने बताया कि अध्यापकों को सिंगापुर जैसे विकसित राष्ट्र की शिक्षा प्रणाली के उत्कृष्ट मानकों और नवाचार के तरीकों को जानने व सिखाने का अवसर प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि वहां के स्कूलों में जाकर अध्यापकों के पढ़ाने के तरीके को भी समझने का मौका मिला। उन्होंने शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए सिंगापुर भेजने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार व सिंगापुर सरकार का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से शिक्षा में नवाचार के साथ-साथ गुणवत्ता आएगी।