नशे की हालत में पकड़े गए व्यक्ति को तहसीलदार न्यायालय ने जमानत पर किया रिहा
गोवंश को गोसदन में छोड़ा, भागे आरोपियों की धरपकड़ में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर उपमंडल की लौंगणी पंचायत में बुधवार रात गोवंश को लावारिस छोड़ने पहुंचे तीन लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ा। इनमें से दो व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए व्यक्ति पर नशे की हालत में गाली-गलौज करने का आरोप है। उस पर ग्रामीणों को पत्थर मारने की धमकी देने के आरोप भी लगे हैं। घटना की सूचना पर एएसआई प्रदीप ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि तीनों लोग मढ़ी क्षेत्र से गोवंश लाए थे। वे इसे गाड़ी में लौंगणी पंचायत क्षेत्र में छोड़ रहे थे।
ग्रामीणों ने मुनीष गुलेरिया निवासी डगवाली को पकड़ा था। उस पर नशे में गाली-गलौज और पत्थर मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तहसीलदार न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 10 हजार रुपये की जमानत पर रिहा किया गया। मौके पर मिले गोवंश को गौसदन लौंगणी-त्रेम्बला में सुरक्षित पहुंचाया गया। लौंगणी पंचायत प्रधान पृथी सिंह ने ऐसी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि भागे दोनों व्यक्तियों की पहचान हो गई है और उनकी तलाश जारी है।