उपमंडल में लगातार बढ़ रही घटनाओं से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में पंचायत चुनावों के शोर के बीच चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। सात सौ से अधिक उम्मीदवारों का घर-घर प्रचार जारी है। चुनाव प्रचार के लिए लाउडस्पीकर की भी गूंज सुनाई दे रही है। इसी बीच क्षेत्र में चोर गिरोह की सक्रियता ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पूर्व में लडभड़ोल क्षेत्र में बैंक एटीएम बूथ, टिकरू गांव में चोरों ने बीस लाख से अधिक की चोरी कर सनसनी फैला दी है। क्षेत्र के प्राचीन मंदिर भी चोर गिरोह के निशाने पर रहे हैं। मां बडेरी किला कर्णपुर में चार लाख के आभूषण चोरी होने के साथ माता काली मंदिर में भी चोरों ने आभूषण चुरा लिए थे। ढेलू डोहग ओर सैंथल में भी लोगों के घरों के ताले तोड़कर चुराई गई संपत्ति का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
नगर परिषद के वार्ड छह में एक परिवार को बंधक बनाकर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्य पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पूर्व प्रधान आशा देवी के घर में दस लाख के आभूषण चुरा लेने का मामला अभी भी ठंडे बस्ते में है। तुलाह पंचायत के पूर्व प्रधान अधिवक्ता रंजीत चौहान का कहना है कि अधिकांश चोरी के मामलों में पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती है। इस कारण चोरी के मामले अनसुलझे रह जाते हैं। तुलाह पंचायत में एक बैंक में सेंधमारी का मामला अभी अनसुलझा है।
थाना प्रभारी सकीनी कपूर का कहना है कि चोरी के मामलों को सुलझाने में स्थानीय पुलिस ने सफलता हासिल की है। टिकरू गांव में हुई चोरी घटना का भी पुलिस जल्दी पटाक्षेप करेगी। इधर पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार का कहना है कि चोरी के मामलों में पुलिस की तकनीकी जांच भी जारी है।