ग्रीन दिवाली मनाकर देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में इस बार ग्रीन दिवाली को लेकर हर वर्ग तैयार है। पहली बार पटाखे की खरीद के लिए लोगों में उत्साह नहीं है। फूलों और अन्य सजावटी सामान की खरीदारी अधिक हो रही है। सिंगल यूज प्लास्टिक का कम इस्तेमाल करने और ग्रीन और क्लीन दिवाली मनाने को लेकर समूचे उपमंडल में उत्साह देखते ही बन रहा है।
रविवार को रामलीला मैदान में ग्राहकों की भीड़ के दौरान भी लोगों ने केवल मुहूर्त के लिए ही पटाखे खरीदे हैं। मुख्य बाजार, बस अड्डा परिसर के अलावा शहर भर में सजी दुकानों में मिट्टी के दीपक, घर की स्वच्छता, सजावट को ही लोगों ने अधिक महत्व दिया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की ओर से तैयार किए गए उत्पाद भी खूब बिके। पंचगव्य दीपक की खरीदारी को लेकर भी ग्राहकों का खूब उत्साह देखने को मिला। एसडीएम मनीश चौधरी ने बताया कि ग्रीन दिवाली मनाने को लेकर स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद के संयुक्त अभियान के बाद उप मंडलवासियों ने भी ग्रीन दिवाली मनाने को लेकर दिलचस्पी दिखाई है। शहरी क्षेत्र में ग्रीन दिवाली मनाने को लेकर वार्डवासियों ने संकल्प भी लिया है।