पंडोह (मंडी)। भारी बारिश और लगातार भूस्खलन के चलते चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे फिर बाधित हो गया। बुधवार रात पंडोह के समीप कैंची मोड़ पर फोरलेन बुरी तरह तबाह हो गया है। यहां फोरलेन का नामोनिशान मिट गया है। इसकी बहाली में अब समय लग सकता है। बनाला के पास बाधित एनएच वीरवार शाम करीब 5:00 बजे बहाल हो गया है। इससे बंजार और बालीचौकी क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। यहां मलबे की चपेट में किसी वाहन का न आना पाया गया है। मौजूदा समय में वैकल्पिक मार्ग वाया कटौला ही मंडी से कुल्लू के बीच छोटे वाहनों की आवाजाही हो रही है। इस सड़क की हालत भी सही नहीं है। भारी वाहनों की आवाजाही के लिए कोई विकल्प नहीं है।
नेशनल हाईवे के बाधित होने के कारण करीब 1790 वाहन जगह-जगह फंसे हुए हैं। थलौट में 90, नागचला में 450, पंडोह में 600, नौ मील में 400 और बनाला में 400 वाहन रोके गए हैं। इनमें अधिकतर मालवाहक वाहन ही हैं जोकि पहले से बाधित हुए एनएच के खुलने का इंतजार कर रहे थे। बड़े एवं मालवाहक वाहनों को गुजारने की बारी आई तो बनाला के पास एनएच फिर बाधित हो गया। हालांकि यहां हाईवे को बहाल कर दिया गया है। वीरवार सुबह फोरलेन पर तबाही का मंजर सामने आया। अब फंसे हुए बड़े मालवाहक वाहन मालिकों और चालकों की मुसीबतें बढ़ गई हैं।
कैंची मोड़ के पास जहां हाईवे धंसा है, वहां पर मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मलबे को हटाने के बाद यहां अस्थायी मार्ग बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। यहां प्रशासन और एनएचएआई की टीमें स्थिति का आकलन करने के बाद ही यह तय कर पाएंगी कि हाईवे को किस तरह से बहाल किया जाना है। मंडी से पंडोह तक हाईवे यातायात के लिए सुचारु है जबकि पंडोह से आगे यातायात ठप है।
....
मलबे की चपेट में आए तीन वाहन, भागकर बचाई जानें
रात को हुई मूसलाधार बारिश के बीच हाईवे पर गुजर रहे वाहनों में से तीन वाहन जगह-जगह गिरे मलबेकी चपेट में आ गए। एक वाहन चालक मलबे से बचने के लिए गाड़ी को बैक करते समय नाली में जा घुसा। तीनों वाहनों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है और लोग भी सुरक्षित हैं। वाहन चालकों ने बताया कि यह मंजर भयानक था और उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई है।
...
वाया कटौला मार्ग से वाहनों की आवाजाही के लिए टाइम स्लॉट जारी
मंडी-कुल्लू आवाजाही के लिए मंडी पुलिस ने वाया कटौला मार्ग पर वाहनों के गुजरने के लिए समयसारिणी तय की है। मंडी से कुल्लू सुबह 8 बजे से 10 बजे तक, कुल्लू से मंडी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, मंडी से कुल्लू दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक, कुल्लू से मंडी दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक, मंडी से कुल्लू शाम 4 बजे से शाम 6 बजे तक समय निर्धारित किया गया है। रात के समय मार्ग की स्थिति और मौसम के अनुसार ही वाहनाें की आवाजाही हो पाएगी।
....
ध्वस्त एनएच से पैदल ही गंतव्य पहुंच रहे लोग
कैंची मोड़ के पास एनएच पूरी तरह से ध्वस्त होने के बाद लोग गंतव्य तक जाने के लिए मलबे के ऊपर से ही जोखिम उठाते हुए गुजर रहे हैं। लोगों को पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। मंडी से पंडोह तक एनएच बहाल है, लेकिन पंडोह से आगे मुश्किलें हैं। कई गांवों के लोगों को अब आवाजाही के लिए कई दिन इंतजार करना पड़ सकता है।
000
किरतपुर-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग-3 पर बनाला के पास बुधवार रात भूस्खलन से बंद हुआ सड़क मार्ग को कुल्लू की ओर बहाल कर दिया गया है। यहां फंसे वाहनों को फिलहाल कुल्लू की ओर भेजा जा रहा है। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने स्पष्ट किया कि मंडी और कुल्लू के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग अभी तक यातायात के लिए नहीं खोला गया है, क्योंकि कैंची मोड़ के पास एक अन्य स्थान पर अभी भी मरम्मत का काम चल रहा है, जिसमें काफी समय लगने की संभावना है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से इस मार्ग पर यात्रा न करें और बहुत आवश्यक होने पर भी मौसम व सड़क की स्थिति के बारे में अवश्य पुष्ट जानकारी प्राप्त कर लें।
पंडोह डैम के समीप एनएच पर आए मलबे में फंसे वाहन। संवाद