टीहरा/सरकाघाट (मंडी)। शातिरों ने चलैली गांव में एक रिहायशी मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए लाखों के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का दौरा करके मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में चोरी की वारदातों में दिनोंदिन इजाफा होता जा रहा है। लेकिन, शातिर हाथ नहीं आ रहे हैं। जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
उपमंडल के चैलेली गांव में चोरों ने रविवार रात को एक घर के ताले तोड़ मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी और कानों की बालियां, पांच हजार की नकदी चोरी कर ली है। प्रभावित ओम चंद और विजय कुमार ने पुलिस में दी शिकायत में कहा है कि रविवार रात को वे दोनों अपने परिवारों के साथ सरौन गांव में चले गए। जब सुबह घर पहुंचे तो ताला टूटा हुआ था तथा सामान गायब था। जब अलमारियों को खोला तो महिलाओं के सोने के गहने गायब थे। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की है। उधर, डीएसपी मदन धीमान का कहना है कि पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। प्रभावित परिवार के अनुसार करीब डेढ़ लाख के आभूषण और नकदी चोरी हुई है।