मंडी। वाहन चोरी मामले की गहन तफ्तीश कर रही एसआईटी की जांच में नये खुलासे हो रहे हैं। चोरी की एक इंडिगो कार को पुलिस ने जब सत्यापित करवाया तो पाया कि उक्त कार चंडीगढ़ की है और कार का मालिक सेक्टर-14 चंडीगढ़ निवासी करुण कश्मीरी है।
यह कार दिल्ली से चोरी हुई थी। जिसका कार मालिक ने बीमा कंपनी से क्लेम भी ले लिया है। आरोपी इस कार को यूके 07 एक्स-8382 नंबर लगा कर चला रहे थे। पुलिस अधीक्षक मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि बल्ह क्षेत्र के अरठी गांव निवासी पवनेश गुलेरिया ने बल्ह थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि उसने एक रिकवरी बैन टाटा 407 पंजीकरण संख्या एचपी051ए-1417 पांच लाख रुपये में नरेंद्र सोढी निवासी गांव नागचला से दो साल पहले खरीदी थी।
नरेंद्र सोढी की ओर से दी गई आरसी में चेसिस व इंजन नंबर का मिलान गाड़ी के चेसिस व इंजन नंबर से किया तो वे सही नहीं पाए गए। जालसाजी और धोखाधड़ी करने की शिकायत पर जांच बल्ह थाना पुलिस कर रही है।
एसपी ने बताया कि वाहन चोरी मामले में कब्जे में ली गई इंडिगो गाड़ी यूके 007एक्स-8382 का टाटा मोटर्स एजेंसी लूणापानी में सत्यापन किया तो यह पाया गया कि उक्त गाड़ी चंडीगढ़ की है। जिसके मालिक का नाम करुण कश्मीरी निवासी सेक्टर-14 चंडीगढ़ है। उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।