नीलकंठ मंदिर में चोरी करने वाले महिला पुरूष जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए संवाद
मंदिर के अंदर और बाहर लगे सीसीवीटी में कैद हुई चोरी की वारदात
फुटेज में प्रवासी महिला और एक व्यक्ति दे रहे घटना को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि मंडी शहर के काॅलेज रोड थनेहड़ा स्थित नील कंठ मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। इस दौरान वे मंदिर से दानपात्र से नकदी लेकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मंदिर कमेटी ने शहरी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्धों को तलाश करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को मंदिर में सायं के समय जब मंदिर के पुजारी और अन्य लोग पूजा करने के लिए गए तो देखा कि आलमारी खुली पड़ी है और दानपात्र भी तोड़ा गया है। इस पर मंदिर कमेटी के सदस्यों को सूचित किया गया और जब मंदिर के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज को देखा गया तो पाया कि दोपहर बाद एक प्रवासी महिला और पुरुष मंदिर में आते हैं। काफी देर तक आसपास का जायजा लेकर मौका देखकर घटना को अंजाम दिया। इस दौरान महिला बाहर पहरा देने जैसी मुद्रा में बैठ दिखाई दे रही है और पुरुष हाथ में लोहे की रॉड लेकर मंदिर के गर्भ गृह में घुसकर पूजा के लिए रखे गए सामान की आलमारी को तोड़ता है और उसमें कुछ निकालने का प्रयास करता है और दानपात्र से भी चढ़ावा अपने साथ ले जाता है। मंदिर कमेटी की ओर से दीपक गुलेरिया और चंदन कटोच ने बताया कि चोरों ने नकदी और सामान शातिर ले गया है। उन्होंने इस बारे में शहरी पुलिस चौकी में सूचित कर दिया है। पुलिस की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी ले ली है। इस बारे में एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया कि घटना को लेकर शिकायत मिली है। मामले में जांच जारी है।