घरों से चोरी सामान किया बरामद
पति और ससुर के खिलाफ भी दर्ज हैं चोरी के मामले
एलईडी टीवी, गैस सिलिंडर, गैस हॉब, वाटर प्यूरिफायर समेत घरेलू सामान चोरी करने का है आरोप
अदालत ने तीन दिन के रिमांड पर भेजा, और गिरफ्तारियां होने की संभावना
डिजिटल पर न चलाएं....
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सरकाघाट क्षेत्र के डोडर में घरों से घरेलू सामान चोरी होने के मामले को सरकाघाट पुलिस ने सात माह बाद सुलझा लिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में सोलन जिले की 22 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया गया है। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी महिला को तीन दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
पुलिस थाना सरकाघाट में 17 फरवरी को चोरी के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से लगातार जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस आरोपी महिला तक पहुंची। पुलिस ने दो अक्तूबर को नेहा निवासी गांव बल, डाकघर चमदार, तहसील रामशहर, जिला सोलन को नियमानुसार गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। साथ ही, उसके साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जांच में आरोपी महिला के पति और ससुर के खिलाफ दर्जनों चोरी के मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।
जांच में सामने आया है कि डोडर क्षेत्र के विभिन्न घरों से एलईडी टीवी, गैस सिलिंडर, गैस हॉब, वाटर प्यूरिफायर, बर्तन, कपड़े, कंबल और अन्य घरेलू सामान चोरी हुआ था। पुलिस ने जांच के दौरान चोरी का सामान भी बरामद किया है। रिमांड के दौरान आरोपी महिला से चोरी की वारदातों से जुड़े अन्य पहलुओं और बरामद सामान के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।