बरोट में 16 इंजीनियर बीआर रेजमेंट (अंडर 2 कॉर्प्स) की विशेष टीम को मंडी के रास्ते अंबाला कैंट क
बरोट (मंडी)। 16 इंजीनियर बीआर रेजिमेंट (अंडर 2 कॉर्प्स) के 10 सैनिकों की विशेष टीम ने टीम कमांडर कैप्टन अजरूदीन की देखरेख में धौलाधार की कठिन पहाड़ियों के बीच 162 किलोमीटर की पैदल ट्रैकिंग पूरी की। टीम ने सात सितंबर को योल कैंट से यात्रा शुरू की थी और बरोट (मुल्थान) पहुंची।
अभियान के अगले चरण में सोमवार को बरोट स्थित दुर्गा मंदिर परिसर से मंडी के रास्ते अंबाला कैंट तक 270 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली शुरू हुई। टिकन के नायब तहसीलदार प्यार चंद ने हरी झंडी दिखाकर रैली को मंडी के लिए रवाना किया। रैली 25 सितंबर को अंबाला कैंट पहुंचकर संपन्न होगी।
इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट के प्रधानाचार्य थमन सिंह और करीब 50 एनसीसी कैडेट्स ने सेना के जवानों का स्वागत किया। कैप्टन अजरूदीन ने एनसीसी कैडेट्स को भारतीय सेना की अग्निवीर योजना और इंडियन आर्म्ड फोर्सेस में शामिल होकर देश सेवा करने के लिए जागरूक किया। इस मौके पर बरोट के सेवानिवृत्त सूबेदार राम देव, सेवानिवृत्त कैप्टन मदन लाल, हवलदार राजकुमार और रवि आदि ने सेना के दल का उत्साहवर्धन किया।