सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल अधिकारी (ना.) सरकाघाट ने लोक निर्माण विभाग मंडल सरकाघाट की अनुशंसा पर तल्याड़-पिंगला-थौना-सरकाघाट सड़क को मरम्मत के चलते 1 से 7 जुलाई तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए अस्थायी रूप से बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
कार्य को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के उद्देश्य से सड़क को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है। सड़क बंद रहने की अवधि के दौरान लोक निर्माण विभाग सभी डायवर्जन स्थलों पर आवश्यक सूचना एवं दिशा-सूचक संकेतक बोर्ड लगाएगा, ताकि आम जनता और वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विभाग को निर्धारित अवधि में मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विभाग की ओर से वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था तथा संबंधित ठेकेदार का संपर्क नंबर उपलब्ध रखा जाएगा। सड़क बंद रहने के दौरान सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही रिस्सा-फागलू-मसदवान-कुठेहड़-मछलाणा-चौक वैकल्पिक मार्ग से संचालित की जाएगी।