31 मई के बाद परीक्षाएं आयोजित करने की मांग, कई स्कूलों में प्रिंसिपल के अलावा स्टाफ नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला मंडी ने चुनावी ड्यूटी में व्यस्त अध्यापकों की अनुपस्थिति के चलते आयोजित किए जा रहे विभिन्न टेस्टों की तिथियों को स्थगित करने की मांग उठाई है। संघ ने कहा कि अधिकांश अध्यापक 31 मई तक चुनावी कार्यों में लगे हुए हैं, ऐसे में स्कूलों में टेस्ट आयोजित करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।
संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुमार, महिला विंग की अध्यक्ष ललिता बांगिया, वरिष्ठ उपप्रधान पुनीत प्रभाकर शर्मा, महासचिव अशोक शर्मा और वित्त सचिव जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि 23 और 25 मई को छठी कक्षा का बेसलाइन टेस्ट निर्धारित है, जबकि 29 मई को क्रैक अकादमी की ओर से नौवीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए टेस्ट प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि इस अवधि में जिले के लगभग 80 से 90 प्रतिशत अध्यापक चुनावी ड्यूटी में तैनात हैं। बैलेट पेपर लेखन सहित विभिन्न चुनावी कार्यों में बड़ी संख्या में महिला अध्यापकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। कई विद्यालयों में प्रिंसिपल के अलावा अन्य स्टाफ उपलब्ध नहीं है, जिससे टेस्टों का संचालन और व्यवस्थाएं संभालना स्कूल प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
प्रवक्ता संघ ने मांग की है कि सभी प्रस्तावित टेस्टों को चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद, 31 मई के बाद आयोजित किया जाए, ताकि इन्हें व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके और स्कूल मुखियाओं को किसी प्रकार की प्रशासनिक कठिनाई का सामना न करना पड़े।