नगर निगम ने दिसंबर 2025 तक रखा है 54 हजार टन कूड़े के पहाड़ को हटाने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। बिंद्रावणी डंपिंंग साइट में कूड़े के निष्पादन कार्य में तेजी लाने के लिए नगर निगम के पास दूसरी प्रोसेसिंग मशीन भी पहुंच गई है। मशीन को स्थापित करने के लिए इन दिनों कूड़े को हटाया जा रहा है। नगर निगम ने गाजियाबाद की कंपनी जीरोन इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड को कूड़े का निष्पादन करने के लिए दिसंबर 2025 का समय दिया है।
बीते 8 जुलाई को उक्त कंपनी ने पहली प्रोसेसिंग मशीन स्थापित की थी। तब दो और मशीनों को लाने की बात कही थी ताकि रोजाना 200 टन कूड़े का निष्पादन किया जा सके। डेढ़ माह बाद अब उक्त कंपनी ने दूसरी मशीन पहुंचा दी है। मशीन के स्थापित होने के बाद अब कूड़े के निष्पादन कार्य में तेजी आएगी। नगर निगम का मानना है कि 2026 से पहले यहां लगे 54 हजार टन कूड़े के पहाड़ को हटा दिया जाएगा। वर्तमान में एक मशीन से रोजाना 20 से 30 टन कूड़े का निष्पादन किया जा रहा है, जबकि रोजाना यहां वार्डों से 25 से 30 टन कूड़ा पहुंच रहा है। वर्तमान में लगाई गई प्रोेसेसिंग प्लांट मैनेनिक मशीन में जेसीबी की मदद से कूड़ा डालने के बाद गीला और सूखा कूड़ा निष्पादन के बाद अलग-अलग निकल रहा है।
25 अगस्त तक पहुंचेगी खाद तैयार करने वाली मशीन
डंपिंग साइट पर कंपनी की ओर से ओडब्ल्यूसी (आर्गेनिक वेस्ट कंपोस्टर) मशीन भी लगाई जाएगी। यह मशीन 25 अगस्त तक बिंद्रावणी डंपिंग साइट में पहुंच जाएगी। इसकी मदद से 24 घंटे में जैविक अपशिष्ट से 10 टन तक खाद तैयार की जा सकेगी। मौजूदा समय में भी डंपिंग साइट पर मैनुअल तरीके से खाद तैयार की जा रही है लेकिन उसमें 35 से 40 दिन का समय लग रहा है। कंपनी के मैनेजर विजेंद्र राघव ने बताया कि मशीन शुक्रवार को दिल्ली से भेजी जाएगी। 25 अगस्त तक स्थापित कर दी जाएगी।
कोट्स
तीसरी मशीन भी आएगी
नगर निगम के पास कूड़े के निष्पादन के लिए दूसरी मशीन भी पहुंच चुकी है। तीसरी मशीन भी जल्द यहां स्थापित की जाएगी। तीनों मशीनों के कार्य करने से कूड़े के निष्पादन कार्य में तेजी आएगी। कंपनी को कूड़े का पहाड़ हटाने के लिए दिसबंर 2025 का समय दिया गया है।
-एचएस राणा, आयुक्त, नगर निगम मंडी।
मंडी के बिंद्रावणी डंपिग साइट पहुंची नई प्रोसेसिंग मशीन। संवाद