रोजाना पुल पर हजारों वाहनों और यात्रियों की रहती है आवाजाही
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह बस स्टॉप के पास पुल की रेलिंग क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों में चिंता बढ़ गई है। पुल से रोजाना भारी संख्या में वाहन और यात्री गुजरते हैं, लेकिन खराब रेलिंग किसी भी समय बड़ा हादसा कर सकती है।
इस हाईवे की देखभाल की जिम्मेदारी एनएचएआई ने फोरलेन निर्माण में लगी केएमसी कंपनी को सौंपी है। बावजूद इसके पुल की रेलिंग अभी तक दुरुस्त नहीं की गई है। स्थानीय लोग सोनू ठाकुर, जतिन और सुनील कुमार ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब रेलिंग खराब हुई है। पहले भी यातायात प्रभारी पंडोह चेत राम ने कंपनी को समस्या की जानकारी दी थी और मरम्मत करवाई थी, लेकिन हर बार पुराने लोहे के पाइप जोड़कर केवल अस्थायी समाधान किया गया।
अब पुल की अधिकांश रेलिंग टूटने के कगार पर है, जिससे पैदल चलने वालों के लिए खतरा और भी बढ़ गया है। केएमसी कंपनी के कर्मचारी रोजाना इसी पुल से गुजरते हैं, फिर भी समस्या की अनदेखी की जा रही है।
केएमसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सत्य ने कहा कि मामला उनके ध्यान में है और जल्द ही पुल की रेलिंग को दुरुस्त कर दिया जाएगा।