तैयारी कर रहे युवाओं का मार्गदर्शन किया
सिविल सेवा परीक्षा के पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न के बारे में दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि सिविल सेवाएं युवाओं के लिए देश और समाज की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं को समय का सदुपयोग करने और समसामयिक विषयों पर मजबूत पकड़ बनाने की सलाह भी दी। जिला प्रशासन मंडी ने बुधवार को सिविल सेवाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भविष्य सेतु कार्यक्रम आयोजित किया। इसके अंतर्गत सिविल सर्विसीज प्रीमियर वर्कशॉप फॉर आईएएसए और एचपीएएस एस्पीरेंट्स डीआरडीए हॉल में आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को कॅरिअर मार्गदर्शन प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में ऐसे कार्यक्रम जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और आईटीआई में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके। कार्यशाला में अभ्यर्थियों को सिविल सेवा परीक्षा के पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न, उत्तर लेखन कौशल, समय प्रबंधन और वैकल्पिक विषय चयन सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने नियमित अध्ययन, समसामयिक घटनाओं की जानकारी और उत्तर लेखन के निरंतर अभ्यास पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में डाउट क्लियरिंग सेशन और प्रश्न-उत्तर सत्र भी आयोजित किए गए, जिसमें अभ्यर्थियों ने सिविल सेवा परीक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों और अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए उपयोगी सुझाव दिए। कार्यशाला में जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान सहित सिविल सेवाओं की तैयारी कर रहे अनेक अभ्यर्थी उपस्थित रहे।